39.7 C
Raebareli
Wednesday, May 13, 2026

T-20 मैच में वेस्टइंडीज को टीम इंडिया ने 71 रन से हरा कर सीरीज पर कब्जा किया

More articles

Raebareli bureau
Raebareli bureau
रायबरेली ब्यूरो | Raebareli Bureau | Raebareli Beuro

भारत से मिले 196 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी मेहमान विंडीज की टीम नियमित अंतराल पर विकेट गंवाते चली गई जिसके कारण वह लक्ष्य से काफी पीछे रह गई.

लखनऊ: रोहित शर्मा (नाबाद 111) के रिकॉर्ड शतक के बाद अपने गेंदबाजों की शानदार गेंदबाजी के दम पर भारत ने मंगलवार को खेले गए दूसरे मैच में वेस्टइंडीज को 71 रनों से हराकर तीन टी-20 मैचों की सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त हासिल कर ली. भारत की यह लगातार सातवीं टी-20 सीरीज जीत है. वहीं, वेस्टइंडीज की इस साल यह आठवीं हार है.

पहली बार किसी अंतर्राष्ट्रीय मैच की मेजबानी कर रहे भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने निर्धारित 20 ओवर में दो विकेट के नुकसान पर 195 रन का मजबूत स्कोर बनाया और फिर वेस्टइंडीज को निर्धारित 20 ओवर में नौ विकेट पर 124 रन पर समेट दिया.

भारत से मिले 196 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी मेहमान विंडीज की टीम नियमित अंतराल पर विकेट गंवाते चली गई जिसके कारण वह लक्ष्य से काफी पीछे रह गई. विंडीज के लिए डैरेन ब्रावो ने 18 गेंदों पर चार चौकों की मदद से सर्वाधिक 23, कीमो पॉल ने 20, शिमरोन हेटमेर ने 15 और कप्तान कार्लोस ब्रैथवेट ने नाबाद 15 और दिनेश रामदीन ने 10 रन बनाए. बाकी बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू सके.

भारत की ओर से खलील अहमद, कुलदीप यादव, भुवनेश्वर कुमार और जसप्रीत बुमराह ने दो-दो विकेट लिए. इससे पहले, कप्तान रोहित शर्मा (नाबाद 111) के रिकॉर्ड चौथे शतक की मदद से भारत ने वेस्टइंडीज के सामने 196 रनों का लक्ष्य रखा. भारतीय टीम की शुरूआत थोड़ी धीमी रही और पहले तीन ओवरों तक टीम मात्र 11 रन ही बना पाई थी.

इसके बाद हालांकि रोहित और शिखर धवन (43) ने 14 ओवर में पहले विकेट के लिए 123 रन की साझेदारी की. वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले विकेट के लिए भारत की यह सबसे बड़ी साझेदारी है. रोहित ने इस दौरान 38 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया.

भारत को पहला झटका धवन के रूप में 123 के स्कोर पर लगा. उन्हें फेबियान एलेन ने निकोलस पूरन के हाथों कैच कराया. हालांकि धवन अर्धशतक से चूक गए, लेकिन उन्होंने टी-20 में अपने 1000 रन पूरे कर लिए. धवन ने 41 गेंदों पर तीन चौके लगाए.

धवन के आउट होने के बाद ऋषभ पंत (5) कुछ खास नहीं कर सके और टीम के 133 के स्कोर पर आउट हो गए. पंत के आउट होने के बाद रोहित ने लोकेश राहुल (नाबाद 26) के साथ तीसरे विकेट के लिए 62 रन की अविजित साझेदारी की. रोहित ने अगले 50 रन मात्र 20 गेंदों में पूरे किए.

रोहित ने 61 गेंदों पर नाबाद 111 रन की शतकीय पारी में आठ चौके और सात छक्के लगाए. रोहित का टी-20 में यह चौथा शतक है और वह टी-20 में सबसे ज्यादा शतक बनाने वाले दुनिया के पहले बल्लेबाज बन गए हैं. वहीं, बतौर कप्तान उनका यह दूसरा शतक है और सबसे ज्यादा शतक बनाने वाले वह पहले कप्तान भी बन गए हैं.

अपनी इस रिकॉर्ड शतकीय पारी के अलावा रोहित ने एक और कीर्तिमान स्थापित कर दिया है. वह टी-20 अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले भारतीय बल्लेबाज बन गए हैं. रोहित अपनी पारी के दौरान 11 रन बनाते ही भारत के लिए टी-20 में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए. रोहित के अब 86 मैचों में 2203 रन हो गए हैं.

रोहित से पहले भारतीय क्रिकेट टीम के नियमित कप्तान विराट कोहली (2102) टी-20 में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले भारतीय बल्लेबाज थे. इस दौरान उन्होंने अब तक चार शतक और 15 अर्धशतक बनाए हैं. रोहित के अलावा राहुल ने 14 गेंदों पर दो चौके और एक छक्का लगाया. वेस्टइंडीज की ओर से फेबियान एलेन और खैरी पियर ने एक-एक विकेट लिए.

Raebareli bureau
Raebareli bureau
रायबरेली ब्यूरो | Raebareli Bureau | Raebareli Beuro

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest