रायबरेली। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की जीरो टॉलरेंस नीति और जन शिकायतों के समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण निस्तारण पर जोर देने के कारण प्रदेश भर में आईजीआरएस पोर्टल पर शिकायतों का तेजी से समाधान हो रहा है। आईजीआरएस में पुलिस की रैंकिंग में रायबरेली पुलिस को प्रदेश में पहला स्थान मिला है। यह सफलता टीम वर्क और अधिकारियों की सक्रियता का नतीजा हैं। शिकायतकर्ताओं से संतुष्टि फीडबैक लेने और डिफॉल्ट मामलों को न्यूनतम रखने में टीम ने उत्कृष्ट कार्य किया। इस उपलब्धि पर खुशी जताते हुए नोडल अधिकारी अपर पुलिस अधीक्षक संजीव कुमार सिन्हा ने कहा कि “यह सफलता हमारी आईजीआरएस टीम की मेहनत, थाना प्रभारियों की समर्पण भावना और पुलिस अधीक्षक महोदय के कुशल नेतृत्व का परिणाम है।” उन्होंने कहा कि “मुख्यमंत्री की प्राथमिकता है कि जनता की हर शिकायत का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण हो। हमारा प्रयास रहेगा कि हर महीने इसी तरह अव्वल रहे और जनता का विश्वास पुलिस पर और मजबूत हो।” इस रैंकिंग में प्रथम स्थान प्राप्त करने से पुलिसकर्मियों का मनोबल ऊंचा हुआ है। जिले में थानों पर शिकायतों का त्वरित समाधान, फॉलो-अप और शिकायतकर्ताओं से फीडबैक लेने की प्रक्रिया को और मजबूत किया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि “जनसेवा और पारदर्शिता ही उनकी प्राथमिकता है। आने वाले महीनों में भी इसी प्रदर्शन को बनाए रखने का संकल्प लिया गया है।”














