40 C
Raebareli
Thursday, April 2, 2026

कांग्रेस के गढ़ में मोदी का राफेल वार, निशाने पर रहा गांधी परिवार

More articles

Raebareli bureau
Raebareli bureau
रायबरेली ब्यूरो | Raebareli Bureau | Raebareli Beuro

पीएम ने कहा-रक्षा सौदों में कांग्रेस का इतिहास बोफोर्स के ‘मामा’ और हेलीकाॅप्टर के ‘अंकल’ वाला

हमारे लिए देश, दल से बड़ा था, है और हमेशा रहेगा: नरेन्द्र मोदी

रायबरेली। प्रधानमंत्री बनने के बाद पहली बार पीएम मोदी गांधी परिवार के गढ़ रायबरेली पहुंचे। उन्होंने रायबरेली के लालगंज स्थित मार्डन रेल कोच फैक्ट्री का दौरा किया और हमसफर रेल कोच का जायजा लिया। प्रधानमंत्री ने रायबरेली को करीब 1100 करोड़ रुपए की परियोजनाओं की सौगात भी दी। इस दौरान प्रधानमंत्री ने एक जनसभा को भी संबोधित किया। इस रैली में प्रधानमंत्री ने रेल कोच फैक्ट्री, सेना, किसान और इशारों-इशारों में राफेल के बहाने कांग्रेस पर जमकर हमला बोला।

कांग्रेस सरकार पर हमला करते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि यहां आने से पहले मैं पास ही में बनी मार्डन कोच फैक्ट्री में था। मैंने उस फैक्ट्री में इस वर्ष बने 900वें डिब्बे को हरी झंडी भी दिखाई। कांग्रेस ने कभी भी इस फैक्ट्री के लिए कुछ नहीं किया। कांग्रेस के समय केवल इस कारखाने में कपूरथला से डिब्बे लेकर उनमें पेंच कसने और पेंट करने का काम हुआ। 2007 में स्वीकृत और 2010 में बनकर तैयार हुई इस फैक्ट्री को चार साल तक पूरी क्षमता से कभी काम ही नहीं करने दिया गया। पिछले साल तक इस फैक्ट्री में 750 डिब्बे बनते थे, मैं चाहूंगा कि अगले साल मार्च तक इस फैक्ट्री से 1400 नए कोच बनाने का लक्ष्य रखा जाए। हमारा लक्ष्य इसे 5000 कोच प्रतिवर्ष करने का है। इस फैक्ट्री में देश भर की मेट्रो के कोच बनेंगे। सेमी हाई स्पीड ट्रेनों के डिब्बे बनेंगे। मोदी ने बताया कि साल 2014 से पहले इस कोच फैक्ट्री के लिए रायबरेली के स्थानीय बाजार से सिर्फ एक करोड़ का सामान खरीदा जाता था। बीजेपी की सरकार बनने के बाद इस साल अब तक सवा सौ करोड़ रुपए का सामान यहां के स्थानीय व्यापारियों के खरीद गया है। पीएम ने कहा कि अगर कोच फैक्टरी की क्षमता बढ़ेगी तो यहां के युवाओं के लिए हर तरह के रोजगार बढ़ेंगे। उस दिन के बारे में सोचिए, जब यहां हर रोज 10-12 नए कोच बनने लगेंगे। इस फैक्ट्री की क्षमता का विस्तार, कामगारों, इंजीनियरों, टेक्नीशियनों के लिए भी रोजगार के नए अवसर लेकर आएगा। कांग्रेस की पूर्ववर्ती सरकार पर हमला करते हुए उन्होंने कहा कि जब पहले की सरकार में इस कोच फैक्ट्री बनी थी तब तय किया था कि 5000 कर्मचारियों की नियुक्ति की जाएगी, लेकिन आपको हैरानी होगी कि स्वीकृति सिर्फ आधे पदों को ही दी गई। 2014 हमारी सरकार आने के बाद हमने देखा कि यहां कि कोच फैक्ट्री में किसी को नौकरी नहीं मिली थी। जो कर्मचारी यहां काम कर रहे थे वो कपूरथला से लाए गए थे। आज की स्थिति ये है कि लगभग दो हजार नए कर्मचारियों को हमारी सरकार ने नियुक्त किया है। आने वाले समय में रायबरेली, रेल कोच निर्माण के मामले में एक ग्लोबल हब बनने वाला है। प्रधानमंत्री ने राफेल डील का नाम लिए बिना कांग्रेस पार्टी पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों के लिए देश का रक्षा मंत्रालय भी झूठा है, देश की रक्षामंत्री भी झूठी हैं, भारतीय वायुसेना के अफसर भी झूठे हैं, फ्रांस की सरकार भी झूठी है, अब तो उन्हें देश की सर्वोच्च अदालत भी झूठी लगने लगी है। करगिल युद्ध के बाद हमारी वायुसेना ने आधुनिक विमानों की जरूरत बताई थी। अटल जी की सरकार के बाद कांग्रेस ने 10 साल देश पर राज किया, लेकिन वायुसेना को मजबूत नहीं होने दिया। आखिर क्यों? किसके दबाव में ? रक्षा सौदों के मामले में कांग्रेस का इतिहास बोफोर्स घोटाले वाले क्वात्रोकी ‘मामा’ का रहा है। हेलीकाॅप्टर घोटाले के आरोपी ‘अंकल’ क्रिश्चियन मिशेल को पकड़कर कुछ दिन पहले ही भारत लाया गया है। सभी ने ये देखा है कि कैसे इस आरोपी के बचाने के लिए कांग्रेस ने अपना वकील अदालत में भेज दिया। मैं कांग्रेस से जानना चाहता हूं कि क्या वो इसलिए भड़की हुई है, झूठ पर झूठ बोल रही है क्योंकि भाजपा सरकार जो रक्षा सौदे कर रही है, उसमें कोई क्वात्रोकी मामा नहीं है, क्रिश्चियन मिशेल नहीं है? क्या इसलिए वो अब न्यायपालिका पर अविश्वास का माहौल पैदा करने में जुट गई है? हमारे लिए हमेशा दल से बड़ा देश है और हमेशा रहेगा।

Raebareli bureau
Raebareli bureau
रायबरेली ब्यूरो | Raebareli Bureau | Raebareli Beuro

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest