37.8 C
Raebareli
Wednesday, March 11, 2026

पेट्रोल की बढ़ती कीमतों पर मोदी अब क्यों नहीं बोलते: राहुल गांधी

More articles

Raebareli bureau
Raebareli bureau
रायबरेली ब्यूरो | Raebareli Bureau | Raebareli Beuro

नई दिल्ली.  पेट्रोल-डीजल की लगातार बढ़ती कीमतों के विरोध में कांग्रेस के भारत बंद का व्यापाक असर नजर आया। यहां के रामलीला मैदान पर भी कांग्रेस की अगुआई में 21 विपक्षी दलों ने एकजुटता दिखाई। इस दौरान राहुल गांधी ने कहा कि मोदी सरकार की नीतियों से देश बेहाल हुआ है। पेट्रोल का दाम 80 रुपए से ज्यादा है। मोदीजी पहले पूरे देश में घूमते थे। कहते थे तेल के दाम बढ़ रहे हैं। आज इस पर कुछ नहीं बोलते। इससे पहले राहुल गांधी ने राजघाट पर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि देने के बाद मार्च निकाला। पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों के विरोध में कांग्रेस के भारत बंद का बिहार, राजस्थान, महाराष्ट्र, मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़, ओडिशा, आंध्रप्रदेश, तेलंगाना और कर्नाटक में असर देखा जा रहा है।

‘पैसा आपके जेब से छीना गया’: राहुल गांधी ने कहा कि आज किसानों को, मजदूरों को रास्ता नहीं दिख रहा। हिन्दुस्तान में रास्ता सिर्फ 15 से 20 पूंजीपतियों को दिख रहा है। राफेल डील पर सवाल उठाए जाते हैं, प्रधानमंत्री जवाब नहीं दे पाते। इसमें करोड़ों रुपए का घोटाला हुआ है। उन्होंने कहा कि यह पैसा हिंदुस्तान के लोगों का है। नोटबंदी के जरिए इसे आपके जेब से छीना गया है। छोटे और मझोले व्यापारियों को खत्म कर दिया। देश का कालाधन सफेद हो गया। राहुल गांधी के साथ बंद के समर्थन में रामलीला मैदान में एनसीपी प्रमुख शरद पवार और लोजद प्रमुख शरद यादव, पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह, यूपीए अध्यक्ष सोनिया गांधी भी मौजूद थीं।

मंच पर सपा और बसपा नजर नहीं आई: मंच पर सपा, बसपा, नेशनल कांफ्रेंस और तृणमूल कांग्रेस का कोई प्रतिनिधि नजर नहीं आया। इस पर गुलाम नबी आजाद ने सफाई दी। उन्होंने कहा कि 16 पार्टियों के प्रतिनिधियों ने भाषण दिए। कुछ विपक्षी दलों के प्रतिनिधियों ने अलग से प्रदर्शन में हिस्सा लिया।

मुंबई में कांग्रेस नेता हिरासत में: मुंबई में कांग्रेस नेता संजय निरुपम को हिरासत में लिया गया है। उन पर पुलिस से हाथापाई करने का आरोप है। पूर्व तटवर्ती रेलवे जोन ने 12 ट्रेनें रद्द कर दी हैं।

कहीं प्रदर्शन, कहीं जाम : बिहार में जन अधिकार पार्टी के कार्यकर्ताओं ने ट्रेनों और सड़कों से गुजर रहे वाहनों में तोड़फोड़ की। आंध्रप्रदेश के विशाखापट्टनम में माकपा कार्यकर्ताओं ने सड़कों पर प्रदर्शन किया। उड़ीसा के संबलपुर में कांग्रेस कार्यकर्ताआें ने ट्रेनों को रोका। विशाखापट्टनम में माकपा कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया। पटना में जन अधिकार पार्टी के मुखिया पप्पू यादव ने अपने समर्थकों के साथ सड़कों पर केंद्र सरकार के खिलाफ नारे लगाए। गुजरात के भरूच में बंद समर्थकों ने सड़कों पर टायर जलाकर जाम लगा दिया।

ज्यादातर विपक्षी पार्टियां एकजुट : कांग्रेस के मुताबिक, केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ बुलाए गए इस बंद में देशभर की 20 विपक्षी पार्टियां और कई व्यापारिक संगठन समर्थन दे रहे हैं। इनमें सपा, राजद, जेडीएस, राकांपा, मनसे, हिन्दुस्तानी आवाम मोर्चा और कम्युनिस्ट पार्टियां शामिल हैं। उधर, आम आदमी पार्टी (आप) और ओडिशा की सत्ताधारी पार्टी बीजद ने इस बंद का समर्थन नहीं करने का ऐलान किया।

संसद के भीतर और बाहर लड़ाई लड़ रही कांग्रेस :  कांग्रेस नेता अजय माकन ने रविवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि भाजपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में महंगाई, राफेल सौदे में भ्रष्टाचार, रुपए की गिरती कीमतें, पेट्रोलियम उत्पादों की कीमतों में बढ़ोतरी जैसे जनता से जुड़े मुद्दों पर कोई बात नहीं की गई। कांग्रेस इस बंद के माध्यम से केंद्र सरकार पर पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों पर लगाम लगाने के लिए दबाव डालेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से बंद के दौरान शांति बनाए रखने की अपील की।

Raebareli bureau
Raebareli bureau
रायबरेली ब्यूरो | Raebareli Bureau | Raebareli Beuro

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest