महराजगंज (रायबरेली)।भारतीय किसान यूनियन के बैनर तले सोमवार से तहसील परिसर में चल रहा धरना शुक्रवार को विशाल रूप में आ गया। धरने में किसान यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह चैहान व मण्डल अध्यक्ष अमर सिंह लोधी सहित पदाधिकारियों ने पहुंचकर अधिकारियों और जन प्रतिनिधियों पर जमकर भड़ास निकाली। प्रदेश अध्यक्ष ने तहसीलदार विनोद कुमार सिंह को ज्ञापन देकर धरना समाप्त किया वहीं तहसीलदार ने 10 दिनों के अन्दर समस्याओं के निस्तारण का आश्वाशन दिया है।
जानकारी के अनुसार बछरावां ब्लाक के रैन गांव के प्रधान से पीड़ित व जनसमस्याओं को लेकर सोमवार से किसान यूनियन तहसील परिसर में धरना दे रहा था इस बीच किसी अधिकारी द्वारा उनकी बात को न सुने जाने पर शुक्रवार को धरना विशाल जन सभा में तब्दील हो गया जिसमें बछरावां सहित अन्य क्षेत्र के भारी मात्रा में आये किसानों ने प्रतिभाग किया। वहीं किसान यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह चैहान ने पहुंचकर अपने किसान भाइयों की समस्या को जोर – शोर से उठाया और अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों के भ्रष्टाचार की पोल भी खोली। खुले मंच से प्रदेश अध्यक्ष ने सभी अधिकारियों को जमकर लताड़ लगायी और आम जनता की समस्या को त्वरित निदान कराने की मांग की। प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह चैहान ने धरने के अन्त में तहसीलदार विनोद कुमार सिंह को जनसमस्याओं का ज्ञापन देकर उसे निस्तारित कराये जाने की मांग की वहीं तहसीलदार विनोद कुमार सिंह ने 10 दिन के अन्दर सभी सम्बन्धित विभागों से वार्ताकर समस्याओं को निस्तारित करने का आष्वासन दिया है। इस अवसर पर मण्डल अध्यक्ष अमर सिंह लोधी सहित भारी संख्या में किसान उपस्थित रहे। मंच का सफल संचालन दुर्गादीन लोधी ने किया।
रिपोर्ट-अनुज मौर्य/ अशोक यादव














